मैथिली ठाकुर की राजनीति में एंट्री? BJP नेताओं से मुलाकात के बाद अटकलें

पटना। बिहार की लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर के 2025 विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। यह चर्चा उस समय शुरू हुई जब मैथिली ने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं विनोद तावड़े और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। इस दौरान उनके पिता भी उनके साथ मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर इन नेताओं के साथ मैथिली ठाकुर की तस्वीरें सामने आने के बाद से ही उनके राजनीतिक कदमों को लेकर अनुमान लगने लगे हैं। विनोद तावड़े ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “1995 में बिहार में लालू राज के दौरान कई परिवार राज्य छोड़कर चले गए थे। उसी परिवार की बिटिया, सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर, बदलते बिहार को देखकर वापस आना चाहती हैं। नित्यानंद राय और मैंने उनसे बिहार के विकास और लोगों की भलाई के लिए योगदान देने का आग्रह किया।”
मैथिली ठाकुर ने भी इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि, “जो लोग बिहार के लिए बड़े सपने देखते हैं, उनके साथ हर बातचीत मुझे दूरदृष्टि और सेवा की प्रेरणा देती है। मैं हृदय से सम्मानित और आभारी हूं। श्री नित्यानंद राय और श्री विनोद तावड़े का धन्यवाद।”
मैथिली ठाकुर मधुबनी के बेनीपट्टी की रहने वाली हैं और भारतीय शास्त्रीय व लोक संगीत में प्रशिक्षित हैं। उन्हें 2021 में बिहार के लोक संगीत में उनके योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार भी मिल चुका है। दो भाइयों के साथ उन्होंने हारमोनियम और तबला सहित लोक और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में पारिवारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। चुनाव आयोग ने उन्हें पहले ही बिहार का 'स्टेट आइकॉन' नियुक्त किया था।
इन घटनाओं के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या बिहार की बेटी मैथिली ठाकुर आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.