गोवर्धन परिक्रमा के दौरान मानसी गंगा कुंड में डूबने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत

आगरा के थाना मंसुखपुरा क्षेत्र के गांव कएडी से गोवर्धन परिक्रमा पर गए दो चचेरे भाइयों की मानसी गंगा कुंड में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव कएडी निवासी प्रिंस (16) पुत्र स्व. रामकिशन और मनीष (14) पुत्र सत्यवान शुक्रवार को अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ गोवर्धन दर्शन के लिए पहुंचे थे। शनिवार सुबह दोनों ने करीब 21 किलोमीटर की परिक्रमा पूरी करने के बाद मानसी गंगा कुंड में स्नान करने का निर्णय लिया।
बताया जा रहा है कि हाल की बारिश के कारण कुंड की सीढ़ियां बेहद फिसलन भरी हो गई थीं। इसी दौरान स्नान करते समय दोनों किशोरों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूरे गांव में शोक, घरों में सन्नाटा
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। दोनों मृतक आपस में चचेरे भाई थे और उनके पिता सगे भाई हैं, जबकि उनकी माताएं भी सगी बहनें हैं। परिवारों के इकलौते बेटों की एक साथ मौत से हर कोई स्तब्ध है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.