देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 3 मजदूरों की मौत

मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। एबी रोड पर टोंककला के पास स्थित इस फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसका असर सड़क तक महसूस किया गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 23 से अधिक मजदूर झुलसे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फैक्ट्री में काम करने वाले अधिकांश श्रमिक बिहार के अररिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को इंदौर और अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया गया। कुछ घायलों को अमलतास और चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दमकल की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रही।
प्रशासन के सामने चुनौती इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि फैक्ट्री परिसर में अब भी बड़ी मात्रा में बारूद और तैयार पटाखे मौजूद बताए जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को खाली कराया जा रहा है और आग बुझाने के बाद क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
इस बीच, संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.