‘मौलाना भूल गया था यूपी में किसका शासन है’: बरेली हिंसा पर योगी का बयान

लखनऊ के होटल ताज में शनिवार को ‘विकसित उत्तर प्रदेश विजन 2047’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसमें हिस्सा लिया और प्रदेश के विकास, इतिहास और भविष्य की दिशा पर विस्तार से बातचीत की।
सीएम योगी ने कहा कि 11वीं सदी में भारत की आबादी लगभग 60 करोड़ थी और देश आर्थिक दृष्टि से दुनिया के प्रमुख केंद्रों में शामिल था। चंद्रगुप्त मौर्य के समय भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी 40 फीसदी थी, जो 17वीं सदी में घटकर 25 फीसदी रह गई। उन्होंने बताया कि उस समय अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर थे और शेष लघु एवं कुटीर उद्योगों में लगे थे। अंग्रेजों ने भारत से संसाधनों और उद्योगों को लूटकर अपनी ताकत बढ़ाई।
सीएम योगी ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा, “विदेशियों ने भारत से 32 ट्रिलियन डॉलर के बराबर सोना ले जाकर अपने देश को समृद्ध किया। टेक्सटाइल उद्योग को खत्म किया गया और भारत की उपलब्धियों को नजरअंदाज किया गया। दुनिया का पहला विश्वविद्यालय तक्षशिला भारत ने ही स्थापित किया, जहां चिकित्सा और आयुर्वेद जैसी विद्या का अध्ययन होता था।”
उन्होंने तक्षशिला विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों का उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना जरूरी है। इसी संदर्भ में सीएम ने बुलडोजर नीति का भी जिक्र किया और कहा कि जो लोग समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश करते हैं, उनके लिए यह कदम आवश्यक है।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के आर्थिक योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज़ादी के समय प्रदेश का योगदान 14 फीसदी था, जो 2016 में घटकर 8 फीसदी रह गया। लेकिन पिछले आठ वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
सड़कों और अवसंरचना में बदलाव
सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा नेटवर्क और मेट्रो का संचालन सबसे अधिक है। वर्ष 2017 से पहले केवल दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 16 एयरपोर्ट कार्यरत हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले महीने देश को समर्पित किया जाएगा।
बरेली हिंसा पर सीएम की दो टूक
बरेली में देखा होगा वह मौलाना भूल गया कि शासन किसका है। कहता था, धमकी देंगे कि हम शहर जाम कर देंगे। हमने कहा ना तो जाम होगा ना ही कर्फ्यू लगेगा। बल्कि, ऐसा सबक सिखाएंगे की आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। 2017 से पहले यही होता था। लेकिन अब हमने ऐसे बैरियर को लागू किया। चुन-चुन करके ऐसे लोगों को सबक सिखाया। वह जिस भाषा में समझना चाहते थे, उस भाषा में उन्हें समझाया।
कानून और सुरक्षा व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि बीमारू मानसिकता और पिछली सरकारों के भ्रष्ट प्रशासन ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ा रखा था। अब सख्त कानून व्यवस्था लागू की गई है और प्रदेश में शांति और विकास की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.