दिल्ली के महरौली में ध्वस्तीकरण के दौरान इमारत का हिस्सा गिरा, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दो मंजिला इमारत के ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तोड़फोड़ के बीच इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, महरौली के वार्ड नंबर-3 में लगभग 300 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इस इमारत को गिराने का काम चल रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत क्षेत्र को घेरकर आवाजाही रोक दी और स्थिति को नियंत्रित किया। ध्वस्तीकरण कार्य में लगे ठेकेदार को मौके पर बुलाकर उससे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि घटना के समय इमारत के भीतर कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। दमकल विभाग की टीम मलबे की जांच कर यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं की है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.