बोत्सवाना से कूनो नेशनल पार्क लाए गए 9 चीते, स्पेशल विमान से पहुंचे

कूनो नेशनल पार्क ने शनिवार की सुबह एक नया ऐतिहासिक पल देखा, जब 9 नए चीते पार्क में शामिल हुए। ये सभी चीते बोत्सवाना से 12 घंटे की हवाई यात्रा के बाद हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे क्वारंटीन बाड़ों में लाए गए। इसके साथ ही भारत में चीते की कुल संख्या 39 से बढ़कर 48 हो गई है।
9 नए चीते: 6 मादा और 3 नर
नई खेप में 6 मादा और 3 नर चीते शामिल हैं। कूनो नेशनल पार्क में पहले नर चीते की संख्या अधिक थी, लेकिन इस खेप के साथ मादा और नर का संतुलन बदल गया है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इससे आने वाले महीनों में प्रजनन दर में वृद्धि हो सकती है।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी इस अवसर पर कूनो पहुंचे और उन्होंने खुद दो चीतों को क्वारंटीन बाड़े में रिलीज़ किया। बाकी सभी चीतों को वन विभाग की प्रशिक्षित टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत शिफ्ट किया।
मादाओं की संख्या बढ़ी, संतुलन हुआ बेहतर
कूनो में 12 महीने से अधिक उम्र के वयस्क चीते अब 35 हो गए हैं। इसमें मादाओं की संख्या 18 और नर चीते 17 हैं। पहले यहाँ 26 वयस्क चीते थे, जिनमें 14 नर और 12 मादा थे। मादाओं की बढ़ी संख्या को विशेषज्ञ क्षेत्रीय टकराव कम होने और शावकों के जन्म की संभावना बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
क्वारंटीन के बाद जंगल में लौटेंगे
बोत्सवाना से आए सभी 9 चीतों को एक महीने तक क्वारंटीन में रखा जाएगा। इस दौरान उनकी सेहत, व्यवहार और अनुकूलन क्षमता पर निगरानी रहेगी। इसके बाद चीता स्टीयरिंग समिति तय करेगी कि किन चीतों को खुले जंगल में छोड़ा जाए और किन्हें निगरानी में रखा जाए।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जंगल में छोड़ने से पहले हर चीते के मूवमेंट, शिकार प्रवृत्ति और इंसानी दखल से दूरी जैसे पहलुओं की बारीकी से जांच की जाती है, ताकि उनकी सुरक्षा और प्रजनन क्षमता सुनिश्चित की जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.