नितिन नवीन पहुंचे पटना, मंदिरी पथ उद्घाटन की तैयारियों का लिया जायजा

पटना में लंबे समय से प्रतीक्षित मंदिरी नाला पथ अब आम जनता के लिए तैयार हो गया है। इस परियोजना का औपचारिक उद्घाटन कल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे, जिसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इसी मौके पर इस सड़क का नामकरण पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. नवीन किशोर सिन्हा की 77वीं जयंती के अवसर पर उनके नाम पर किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उनके लिए विशेष महत्व रखती है और इसके पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
नितिन नवीन ने बताया कि इस योजना को धरातल पर लाने में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस क्षेत्र के लोग जिस समस्या से जूझ रहे थे, अब उसका समाधान हो गया है और सड़क बनने से स्थानीय जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि पहले नाले के किनारे रहने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें बेहतर सड़क सुविधा और साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा। इसे उन्होंने क्षेत्र के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।
नितिन नवीन ने इस परियोजना के लिए बिहार सरकार के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.