इस्तीफे से पहले ही सीएम आवास खाली करने लगे नीतीश कुमार

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के अगले ही दिन उनके आधिकारिक आवास से सामान शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, पटना स्थित 1 अणे मार्ग के सरकारी आवास से सामान 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में भेजा जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद नीतीश कुमार इसी नए आवास में रह सकते हैं। हालांकि उनके इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वे 14 अप्रैल के आसपास मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की संभावना भी जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नीतीश कुमार ने 7 सर्कुलर रोड स्थित इस बंगले का निरीक्षण भी किया था। अब वहां उनके नाम की नेमप्लेट भी लगा दी गई है और धीरे-धीरे सामान शिफ्ट किया जा रहा है।
पहले भी रह चुके हैं इसी आवास में
यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार इस आवास में रहने जा रहे हैं। इससे पहले 2014 में मुख्यमंत्री पद छोड़कर जब उन्होंने जीतन राम मांझी को सत्ता सौंपी थी, तब भी वे इसी बंगले में रहे थे। बाद में उन्होंने फिर से सत्ता संभाली थी।
हालांकि उस समय विपक्ष ने उन पर एक साथ दो सरकारी बंगले रखने का आरोप लगाया था, जिसके बाद यह आवास मुख्य सचिव को आवंटित कर दिया गया था।
लालू परिवार के पड़ोसी बन सकते हैं
7 सर्कुलर रोड स्थित यह आवास पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड बंगले के ठीक बगल में है। ऐसे में अगर नीतीश कुमार यहां रहने आते हैं तो वे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के पड़ोसी बन जाएंगे।
सुविधाओं से लैस बंगला
इस सरकारी आवास में कई आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इसमें छह वीआईपी बेडरूम, दो बड़े ड्राइंग रूम और एक विशाल सभागार है। इसके अलावा परिसर में एक छोटा तालाब भी बनाया गया है, जो इस बंगले को खास बनाता है।
नीतीश कुमार के इस संभावित शिफ्ट को बिहार की राजनीति में नए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.