दरभंगा एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट विमान का टायर फटा, सभी यात्री सुरक्षित

दरभंगा। मुंबई से दरभंगा आ रही स्पाइसजेट की एक उड़ान सोमवार सुबह लैंडिंग के दौरान बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गई। रनवे पर उतरते ही विमान का एक टायर अचानक फट गया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित नियंत्रण के चलते विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर रोक लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया।
लैंडिंग के दौरान तेज झटके से घबराए यात्री
सूत्रों के अनुसार, टायर फटने के बाद क्षतिग्रस्त पहिया रनवे पर कुछ दूरी तक घिसटता रहा। इस दौरान विमान के भीतर बैठे यात्रियों को तेज झटके और कंपन महसूस हुआ, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट पर संचालन पर पड़ा असर
घटना के बाद विमान के रनवे और एप्रन पर खड़े रहने के कारण दरभंगा एयरपोर्ट पर सामान्य संचालन प्रभावित हुआ। पार्किंग की कमी के चलते दिल्ली से दरभंगा आ रही एक इंडिगो फ्लाइट को पटना डायवर्ट करना पड़ा।
बाद में स्थिति सामान्य होने पर एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया।
तकनीकी जांच जारी
दरभंगा एयरपोर्ट के निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच स्पाइसजेट की इंजीनियरिंग टीम द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने और आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को आगे उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.