पंजाब: बटाला में चार मौतों से हड़कंप, भतीजे ने परिवार पर बरसाईं गोलियां

पंजाब: बटाला क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक ही परिवार से जुड़े चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक युवक ने पहले अपनी चाची और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर अपने साथ आए दोस्त को भी मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, घटना गांव मुंडी कलार की है। आरोपित मनजोत सिंह अपने साथी और पूर्व सैनिक परगट सिंह के साथ देर रात अपने चाचा निशान सिंह के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में परगट सिंह की लाइसेंसी पिस्टल थी।
घर पहुंचने के बाद मनजोत ने कथित तौर पर अपनी 40 वर्षीय चाची हरदीप कौर और उनके 13 वर्षीय बेटे हरमीत सिंह पर उस समय गोलियां चला दीं, जब वे घर में आराम कर रहे थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मनजोत और उसके साथी परगट सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, मनजोत ने कुछ दूरी पर परगट सिंह को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने उसी हथियार से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मनजोत सिंह के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अक्सर अपने चाचा के परिवार के साथ रहता था। फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर थाना सेखवां पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बटाला सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी परिजन की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जबकि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.