सीआर पार्क दुर्गा पंडाल में पीएम मोदी ने की पूजा, दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली। मंगलवार को चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) के दुर्गा पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। भारी भीड़ और सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आम नागरिकों से प्रभावित क्षेत्रों से बचने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का आग्रह किया है।
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार आउटर रिंग रोड (पंचशील से ग्रेटर कैलाश तक), लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जेबी टीटो मार्ग, इंद्र मोहन भारद्वाज मार्ग और सीआर पार्क मुख्य सड़क पर दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, गुरुद्वारा रोड, बिपिन चंद्र पाल मार्ग और सीआर पार्क व ग्रेटर कैलाश-II की आंतरिक सड़कों पर वाहन चलने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त, पंचशील, आईआईटी और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के नीचे आउटर रिंग रोड पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। यह नियम हल्के और भारी वाहनों पर भी लागू होगा, चाहे उनके पास वैध नो-एंट्री परमिट ही क्यों न हो।
पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों में एम.जी. रोड, अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, लाला लाजपत राय रोड और महरौली-बदरपुर रोड शामिल किए हैं। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे संयम बरतें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के साथ सहयोग करें ताकि सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.