भाजपा की कार्यशाला में पीएम मोदी का सादगी भरा अंदाज, अंतिम पंक्ति में बैठे नजर आए

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में संसद भवन परिसर में पार्टी सांसदों की दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान सांसदों को चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पीछे की पंक्ति में बैठकर सामान्य कार्यकर्ता की तरह नजर आए। इस दौरान जीएसटी सुधारों के लिए प्रधानमंत्री का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “एनडीए सांसदों की कार्यशाला में अंतिम पंक्ति में बैठे पीएम मोदी। यही भाजपा की ताकत है कि यहां हर सदस्य पहले कार्यकर्ता है।”
जीएसटी सुधारों पर धन्यवाद प्रस्ताव
कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जीएसटी सुधारों पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा। इसके बाद सांसदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना की। भाजपा का मानना है कि सुधारों से करदाताओं पर बोझ कम होगा और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, जिससे आने वाले विधानसभा चुनावों में भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
सांसदों की कार्यकुशलता पर जोर
दो दिवसीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में पार्टी के इतिहास और विकास यात्रा पर चर्चा के साथ सांसदों की कार्यकुशलता बढ़ाने के उपायों पर विचार किया गया।
एनडीए सांसदों का रात्रिभोज रद्द
इसी बीच, प्रधानमंत्री आवास पर 8 सितंबर को प्रस्तावित एनडीए सांसदों का रात्रिभोज रद्द कर दिया गया। पंजाब और अन्य राज्यों में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा और समीक्षा बैठक करेंगे। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा आयोजित सांसदों का रात्रिभोज भी रद्द किया जा चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.