कॉमेडियन प्रणित मोरे और '370 की बिरयानी' वाले हिमांशु जांगड़ा की बढ़ी मुश्किलें, NCW ने भेजा समन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान महिलाओं की सहमति और गरिमा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने कॉमेडियन प्रणित मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा को समन जारी कर पेश होने के निर्देश दिए हैं।
वायरल हुए वीडियो के सामने आने के बाद NCW ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने इस पूरे मामले में सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है।
साथ ही, आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वीडियो में ऐसे संवाद दिखाए गए हैं, जिनमें महिलाओं के खिलाफ गैर-सहमति वाले व्यवहार को कथित रूप से सामान्य या स्वीकार्य तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
हरियाणा पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब
NCW अध्यक्ष विजया रहाटकर ने हरियाणा पुलिस से पूछा है कि मामले में अब तक FIR दर्ज की गई है या नहीं और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत किन धाराओं में कार्रवाई की गई है। इसके अलावा आयोग ने कार्यक्रम के आयोजकों, कलाकारों और आयोजन स्थल की भूमिका की भी विस्तृत जानकारी मांगी है।
महाराष्ट्र साइबर सेल ने दर्ज की FIR
इसी बीच, मामले में नया मोड़ तब आया जब महाराष्ट्र साइबर सेल ने भी संबंधित कंटेंट को लेकर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। साइबर पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एफआईआर में प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और अन्य संबंधित लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
22 जून को आयोग के समक्ष पेशी
NCW ने दोनों आरोपियों को 22 जून को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए कहा है। आयोग ने दोहराया है कि सार्वजनिक मंचों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किसी भी तरह से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने या आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा देने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.