प्रयागराज: किशोरी से रेप के आरोपी मुशर्रफ का हाफ एनकाउंटर, दोनों पैरों में लगी गोली

प्रयागराज। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के बीच प्रयागराज के पूरामुफ्ती क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण और उसके साथ कथित दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाया और उसके पैर को जलती सिगरेट से दाग दिया।
पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 14 जून की रात करीब 11 बजे गांव निवासी मुशर्रफ अपने कुछ साथियों के साथ पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुस आया। आरोप है कि उसने किशोरी का मुंह दबाकर उसे जबरन घर से बाहर ले गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते पीड़िता और उसके परिजन कई दिनों तक भय के माहौल में रहे। बताया गया कि आरोपी किशोरी को अचेत अवस्था में घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
लगभग छह दिन तक परिवार चुप रहा, लेकिन रविवार को साहस जुटाकर थाने पहुंचा और मुख्य आरोपी मुशर्रफ समेत तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। शिकायत दर्ज होने के बाद भी तत्काल गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और गांव में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य, एसीपी अजेंद्र यादव और इंस्पेक्टर अविनाश सिंह सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इस दौरान शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात फतेहपुर घाट के निकट हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी मुशर्रफ को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
डीसीपी सिटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की गहन जांच जारी है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.