2027 चुनाव की तैयारी: अखिलेश ने आगरा, हाथरस और मथुरा पर दिया खास जोर

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने का आह्वान करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा की संभावित रणनीतियों के प्रति सतर्क रहने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में धांधली की योजना बनाने में लगी हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान आगरा, हाथरस और मथुरा में कई विकास योजनाएं शुरू की गई थीं, जिन्हें वर्तमान भाजपा सरकार ने रोक दिया या बर्बाद कर दिया। उन्होंने बताया कि 2027 के चुनाव में इन तीन जिलों के लिए समाजवादी पार्टी का विशेष घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें नई विकास योजनाओं का विवरण होगा।
राज्य मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे समाज के सभी वर्गों को उनके संख्या के आधार पर अधिकार और सम्मान मिल सके। उन्होंने मतदाता सूची में किसी भी गड़बड़ी को रोकने और वोट बनवाने एवं डालवाने की प्रक्रियाओं पर नजर रखने की आवश्यकता भी बताई।
अखिलेश ने आगरा और मथुरा की वैश्विक पहचान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगरा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन में महत्वपूर्ण है और मथुरा भगवान कृष्ण का जन्म स्थान होने के कारण विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। उन्होंने पवित्रता बनाए रखने और शिक्षा, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर भी ध्यान देने की बात कही।
बैठक में सांसद रामजी लाल सुमन, बाबू सिंह कुशवाहा और देवेश शाक्य, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.