राहुल ने कोलंबिया में भारतीय टू-व्हीलर कंपनियों की सफलता की सराहना, कहा- 'इनोवेशन से मिलती है वैश्विक पहचान'

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने चार देशों के दक्षिण अमेरिका दौरे के दौरान कोलंबिया में भारतीय दोपहिया कंपनियों बजाज, हीरो और टीवीएस की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों की सफलता यह साबित करती है कि भारतीय कंपनियां नवाचार के दम पर आगे बढ़ सकती हैं, न कि भाई-भतीजावाद के सहारे।
राहुल गांधी ने कोलंबिया की सड़कों पर बजाज पल्सर मोटरसाइकिल के सामने खड़े होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फोटो साझा की और लिखा कि बजाज, हीरो और टीवीएस का विदेशों में इतना अच्छा प्रदर्शन देखकर गर्व महसूस होता है। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि भारतीय कंपनियां साठगांठ वाले पूंजीवाद की बजाय नवाचार से सफलता हासिल कर सकती हैं।
इसके पहले राहुल गांधी ने ईआईए यूनिवर्सिटी में ‘The Future Id Today’ नामक सेमिनार को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र और उद्योग जगत पर बातचीत की और कहा कि वर्तमान समय में भारत में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर व्यापक हमला हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों का अर्थव्यवस्था पर बढ़ता नियंत्रण देश के लिए गंभीर खतरा है।
राहुल गांधी ने भारत की विविधता पर भी जोर दिया और कहा कि देश की ताकत इसके लोगों और लोकतांत्रिक संवाद में निहित है। उन्होंने चीन के तानाशाही शासन के उदाहरण के माध्यम से कहा कि भारत में ऐसा शासन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं और विचारधारा को आज के दौर में भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत की विविध आवाज़ें और परंपराएं देश की प्रगति के लिए आवश्यक हैं और अगर इन्हें अनदेखा किया गया तो यह आगे बढ़ने में बाधक बन सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.