आईआईटी खड़गपुर में छात्र की संदिग्ध मौत, कैंपस में हड़कंप

खड़गपुर/जमशेदपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित आईआईटी खड़गपुर कैंपस में शनिवार सुबह एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे परिसर में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी 21 वर्षीय जयवीर सिंह दरिया के रूप में हुई है। वह संस्थान के मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग विभाग में तृतीय वर्ष का छात्र था।
कैंपस में खून से लथपथ मिला छात्र
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी हॉल के सामने छात्र का खून से सना हुआ शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही हिजली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सुरक्षा गार्डों ने सबसे पहले छात्र को जमीन पर घायल अवस्था में देखा और तुरंत संस्थान प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद छात्र को बीसी रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने इमारत की ऊंची मंजिल से कूदकर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संस्थान की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि आईआईटी खड़गपुर कैंपस में पिछले कुछ समय से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले लगभग 16 महीनों में यहां आठ छात्रों और शोधार्थियों की मौत दर्ज की गई है, जिनमें से कई मामले परिसर के भीतर हुए हैं।
इन घटनाओं ने कैंपस में छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा काउंसलिंग और डिप्रेशन रोकथाम के लिए प्रयास किए जाने के बावजूद ऐसी घटनाओं का लगातार सामने आना चिंता का विषय बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.