रांची: सुरक्षा काफिले से नाराज मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने 16 सुरक्षाकर्मी और 3 वाहन लौटाए

रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर पुलिस मुख्यालय की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई कथित अनदेखी से नाराज बताए जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर नहीं की है, लेकिन हाल ही में उन्होंने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा काफिले के लिए एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
सूत्रों के अनुसार, इस पर कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद मंत्री ने बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सुरक्षा में तैनात जवानों और वाहनों को वापस लौटा दिया है।
16 सुरक्षाकर्मी और 3 वाहन लौटाए
शुक्रवार को मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 सुरक्षाकर्मियों के साथ आवंटित तीन सुरक्षा वाहनों को राज्य सरकार को वापस कर दिया। इस फैसले से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
मंत्री के करीबी लोगों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में वाहनों में सुरक्षाकर्मियों को पर्याप्त और आरामदायक जगह नहीं मिल पा रही थी, जिससे असुविधा हो रही थी।
बिना सुरक्षा काफिले के कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री
घटना के दिन सुबह मंत्री खेलगांव स्टेडियम में एक कार्यक्रम में शामिल हुए और इसके बाद प्रोजेक्ट भवन सचिवालय भी पहुंचे, लेकिन इस दौरान उनके साथ सुरक्षा काफिला नजर नहीं आया।
‘व्यावहारिक नहीं है मौजूदा व्यवस्था’
वित्त मंत्री ने अपने फैसले के पीछे तर्क देते हुए कहा कि 16 सुरक्षाकर्मियों के लिए तीन बड़े वाहनों का काफिला न तो सुरक्षा की दृष्टि से व्यावहारिक है और न ही प्रभावी। इसी कारण उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को फिलहाल वापस करने का निर्णय लिया है।
मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.