भारत में पेट्रोल-गैस की कोई कमी नहीं, विपक्ष फैला रहा भ्रम: केंद्रीय मंत्री शेखावत

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देश में पेट्रोल और गैस की आपूर्ति को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर जनता के बीच भ्रम फैला रही है।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर जरूर पड़ा है, लेकिन भारत में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने पड़ोसी देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर बताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आपातकाल जैसी स्थिति बनी हुई है, जबकि बांग्लादेश में सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी गई।
भारत में कीमतों पर नियंत्रण
शेखावत ने बताया कि अमेरिका जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में जनवरी से मार्च के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगभग 22 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, लेकिन भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न तो कीमतें बढ़ीं और न ही किसी तरह की कमी हुई।
आयात स्रोतों का विस्तार
मंत्री ने कहा कि भारत अपनी कच्ची तेल की आवश्यकता का 60 प्रतिशत से अधिक आयात करता है, जिसमें 75 प्रतिशत फारस की खाड़ी से आता है। ईरान की पाबंदियों के बावजूद भारत ने आयात के स्रोत बढ़ाए हैं। पहले 27 देशों से तेल आयात होता था, जो अब बढ़ाकर 40 देशों तक किया गया है। इससे भारत की आपूर्ति श्रृंखला खाड़ी देशों और अमेरिका तक फैली हुई है।
कालाबाजारी पर कड़ा रुख
33 करोड़ गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए शेखावत ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं की प्राथमिकता सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं होगा और बुकिंग की व्यवस्था लोगों को अनावश्यक भंडारण से बचाएगी। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति में 20 प्रतिशत तक ढील दी गई है और मिट्टी तेल का कोटा भी बढ़ाया गया है।
विपक्ष पर कटाक्ष
शेखावत ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर तंज कसते हुए कहा कि जोधपुर में प्रदर्शन करने वालों को देखना चाहिए कि वहां लकड़ी या कोयले पर खाना बन रहा है या नहीं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी बातें अब उनकी अपनी पार्टी भी गंभीरता से नहीं लेती। रूस से तेल आयात के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष भारत के कुल आयात का लगभग 22 प्रतिशत हिस्सा रूस से ही आया है। शेखावत ने राहुल गांधी के बयानों को ‘काल्पनिक जानकारी’ बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.