बांसवाड़ा में बारातियों से भरी बस पलटी, तीन की मौत, दर्जनों घायल

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कलिंजरा थाना क्षेत्र के घोटिया आंबा इलाके में बारातियों को लेकर जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के संदलई गांव से चिमनलाल नामक युवक की शादी थी। बारात घोटिया आंबा के पास वडलीपाड़ा गांव गई थी। विवाह कार्यक्रम के बाद दूल्हा-दुल्हन कार से रवाना हुए, जबकि बाराती बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे।
घाटी में बस हुई बेकाबू
वापसी के दौरान जब बस घोटिया आंबा की घाटी से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण टूट गया। बस कुछ दूरी तक लड़खड़ाती हुई चली और फिर तीन बार पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस में फंस गए।
सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में मची भागदौड़
घायलों के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में भीड़ बढ़ गई। परिजन घबराए हुए हालत में अपने लोगों की तलाश करते नजर आए। ट्रॉमा सेंटर में गंभीर रूप से घायल मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि हल्की चोट वालों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
हादसे की जानकारी मिलते ही बांसवाड़ा विधायक अर्जुन सिंह बामनिया, बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल, जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बाद में अधिकारी घटनास्थल पर भी पहुंचे।
मृतकों की पहचान
हादसे में कमला पत्नी हकरू, दलू पुत्र भूरा और टीटा पुत्र चोखा (जोखा) की मौत हुई है। तीनों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.