दिल्ली-एनसीआर में फिर शुरू हुई आंधी-बारिश, सड़कों पर लंबा जाम

नई दिल्ली/एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने दो बार करवट ली, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और सोनीपत के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। नोएडा में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जबकि फरीदाबाद और सोनीपत में धूलभरी हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।
पहली बारिश के बाद करीब डेढ़ घंटे तक मौसम सामान्य रहा, लेकिन शाम लगभग 4 बजे एक बार फिर मौसम बिगड़ गया। नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ दोबारा बारिश शुरू हो गई।
बारिश और आंधी के कारण कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। एनसीआर के कुछ इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम और जलभराव की स्थिति देखने को मिली, वहीं तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की भी सूचना है।
नोएडा में तेज हवाओं के दौरान ऊंची इमारतों से तेज आवाजें आने की भी जानकारी मिली, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
दिल्ली के पूर्वी हिस्सों और नई दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लंबे समय से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन की शुरुआत जहां तेज धूप के साथ हुई थी, वहीं दोपहर बाद अचानक बादल छाने से मौसम पूरी तरह बदल गया।
सोनीपत के खरखौदा और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि शहर के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.