सीरिया में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के दौरे के बीच धमाका, होटल के पास ब्लास्ट; सुरक्षा बढ़ाई गई

HIGHLIGHTS
- सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को कई धमाके हुए, जिनमें मैक्रों के ठहरने वाले फोर सीजन्स होटल के पास भी विस्फोट शामिल है।
- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका सीरिया दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
- धमाकों के कारणों की जांच जारी है, अभी तक किसी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।
दमिश्क। सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार को कई धमाकों से दहल उठी। खास बात यह है कि घटना उस समय हुई जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया दौरे पर थे। जिस होटल में मैक्रों ठहरे हुए थे, उसके आसपास भी धमाकों की आवाज सुनी गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैक्रों सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे ही थे, तभी फोर सीजन्स होटल के पास विस्फोट हुए। हालांकि, सीरियाई अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
मैक्रों सुरक्षित, दौरा जारी रहेगा
फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका सीरिया दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। सीरियाई मीडिया के अनुसार, मैक्रों दमिश्क के फोर सीजन्स होटल में ठहरे हुए थे।
एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया गया कि राजधानी के मध्य हिस्से में हुए दोनों धमाके विस्फोटक उपकरणों के कारण हुए। घटनास्थल से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
धमाकों के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें एक वाहन में आग लगी दिखाई दे रही है। कुछ तस्वीरों में सड़क पर खून के निशान भी नजर आए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल किसी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही दमिश्क में जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में विस्फोट हुआ था, जिसमें 10 लोगों की मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.














Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.