मुजफ्फरनगर में झमाझम बारिश से मिली राहत, कई इलाकों में जलभराव

HIGHLIGHTS
- जिले में मंगलवार को हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली।
- जानसठ समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
- बारिश के बाद जिले की हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ और किसानों ने इसे खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद बताया।
मुजफ्फरनगर: मंगलवार को जिले के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शहर से लेकर गांवों तक हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया, हालांकि कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई।
दोपहर बाद शुरू हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर जानसठ तहसील क्षेत्र में देखने को मिला। बेहड़ा अस्सा गांव में कई सड़कें और गलियां पानी से भर गईं। झारेड़ा मोहल्ले में रविदास मंदिर के पास सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।

जलभराव के बीच बच्चों ने पानी में जमकर मस्ती की। सड़क पर भरे पानी में खेलते बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारिश से हवा की गुणवत्ता में सुधार
बारिश का सकारात्मक असर पर्यावरण पर भी देखने को मिला। जिले में जहां आमतौर पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया जाता था, वहीं मंगलवार को यह घटकर करीब 95 तक पहुंच गया। बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण कम हुए, जिससे वायु गुणवत्ता बेहतर हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि हवा की गति कम रहने के कारण नमी और उमस का असर बना रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश जारी रही तो तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
शहर और गांवों में जलभराव से परेशानी
बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों और कई बाजारों में पानी भर गया। जलभराव के चलते लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह दोपहिया वाहन पानी में फंस गए।
वहीं, ग्रामीण इलाकों में किसानों ने बारिश को खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद बताया है। किसानों को उम्मीद है कि यह बारिश फसलों की बढ़त में मददगार साबित होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.