भिवंडी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर जलभराव

भिवंडी। महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक के साथ ही कई इलाकों में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी बीच बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने ठाणे और भिवंडी में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
लगातार करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के बाद भिवंडी शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं और प्रमुख बाजारों में पानी भर जाने से सामान्य गतिविधियां ठप पड़ गईं।
शहर की रफ्तार थमी, सड़कें बनीं तालाब
तेज बारिश के कारण भिवंडी के मुख्य मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई जगहों पर वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए, जिसके बाद लोगों को धक्का लगाकर गाड़ियां हटानी पड़ीं। हालात इतने बिगड़ गए कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया और लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ा।
जलभराव का असर सीधे तौर पर दुकानों और व्यापारिक इलाकों पर भी पड़ा, जहां कई दुकानों में पानी घुसने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मानसून के और सक्रिय होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में महाराष्ट्र में मानसून और सक्रिय रह सकता है। 28 जून से 4 जुलाई के बीच कोंकण और गोवा क्षेत्र में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है और कुछ इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं।
इसके साथ ही कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.