‘ड्रग्स का आदी है दामाद’- ट्विशा के पिता का आरोप, एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

नोएडा। ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। परिवार ने इसे लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मौजूदा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों में स्पष्ट विरोधाभास नजर आ रहा है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। साथ ही परिवार ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां की गिरफ्तारी की भी मांग की है।
रविवार को ट्विशा के परिजन भोपाल पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधे मिलने की मांग की, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट और साक्ष्यों में मेल नहीं होने के कारण वे अंतिम संस्कार को लेकर भी असमंजस में हैं। उनका आरोप है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है और परिवार को न्याय मिलने को लेकर संदेह बना हुआ है।
वहीं, ट्विशा की मां रेखा शर्मा ने भावुक होकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और इस मामले में पति समर्थ सिंह तथा उनकी मां दोनों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार ट्विशा की मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मामले में यह भी सामने आया है कि समर्थ सिंह की मां, रिटायर्ड जस्टिस गिरिबाला सिंह को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जिस पर परिवार ने सवाल उठाए हैं।
रविवार को परिजन भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और सीधे मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन मुख्यमंत्री से मिलने की जिद पर बने रहे। बाद में उन्हें संबंधित अधिकारियों से चर्चा के लिए अंदर ले जाया गया।
परिवार ने यह भी मांग की है कि ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उनका कहना है कि घटना के छह दिन बाद भी उन्होंने शव को मोर्चरी से नहीं लिया है। ट्विशा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं और परिवार लगातार सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.