हिमाचल में मौसम का कहर जारी, कई इलाकों में भारी बारिश

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और लगातार बारिश का दौर जारी है। राजधानी शिमला में बीती रात तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि रविवार को भी कई क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा होती रही।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में दर्ज बारिश के आंकड़ों के अनुसार मुरारीदेवी में 63.6 मिमी, ब्राह्मणी में 51.4 मिमी, घाघस में 50.0 मिमी, स्लापड़ में 45.1 मिमी, बिजाही में 45.7 मिमी, शिलारू में 33.6 मिमी, सुंदरनगर में 26.2 मिमी, बिलासपुर में 26.0 मिमी, हमीरपुर में 36.0 मिमी और शिमला में 13.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, अगले 4 से 5 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 और 30 जून को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 1, 4 और 5 जुलाई को भी कई इलाकों में बारिश जारी रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
2 और 3 जुलाई को राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में विशेष रूप से ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।
न्यूनतम तापमान का हाल
प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—
शिमला 16.5°C, सुंदरनगर 22.3°C, भुंतर 21.2°C, कल्पा 13.0°C, धर्मशाला 19.6°C, ऊना 23.0°C, नाहन 21.6°C, केलांग 11.2°C, सोलन 19.6°C, मनाली 16.9°C, कांगड़ा 24.2°C, मंडी 24.5°C, बिलासपुर 23.0°C, हमीरपुर 23.9°C, जुब्बड़हट्टी 19.0°C, कुफरी 15.5°C, कुकुमसेरी 8.3°C, नारकंडा 13.8°C, भरमौर 13.0°C, रिकांगपिओ 16.9°C, सेऊबाग 21.4°C, बरठीं 23.1°C, पांवटा साहिब 28.0°C, देहरा गोपीपुर 27.1°C, ताबो 12.0°C, मशोबरा 17.2°C और नेरी में 23.2°C दर्ज किया गया।
भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, ब्यास पुल पर यातायात ठप
नादौन क्षेत्र में भारी बारिश ने जनजीवन पर असर डाला। लगातार बारिश के चलते हमीरपुर और कांगड़ा को जोड़ने वाले पुराने ब्यास पुल पर जलभराव और मलबा जमा हो गया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
स्थिति बिगड़ने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर जाम खुलवाया, जिसके बाद आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उप डाकघर से लेकर ब्यास पुल तक जल निकासी के लिए बिछाई गई भूमिगत सीवरेज लाइनें वर्षों बाद भी पूरी तरह चालू नहीं हो पाई हैं, जिससे हर बारिश में समस्या उत्पन्न होती है।
एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय व्यापारियों के साथ जल्द संयुक्त बैठक की जाएगी। वहीं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार ने बताया कि जल शक्ति विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.