हिमाचल में मौसम का कहर, किन्नौर में फटा बादल और लाहौल में दर्दनाक हादसा

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच गुरुवार को कई जिलों में मौसम ने कहर बरपाया। किन्नौर जिले की भावा वैली में बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे अचानक आई बाढ़ में एक पैदल पुल बह गया और दो गांवों का संपर्क टूट गया। वहीं लाहौल की मयाड़ घाटी में भूस्खलन के दौरान गिरे पत्थर की चपेट में आने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के एक बस परिचालक की मौत हो गई।
किन्नौर जिले की शांगो पंचायत के सुरचो क्षेत्र में सुबह अचानक बादल फटने से शांगो खड्ड में तेज बहाव आ गया। पानी के दबाव से खड्ड पर बना पैदल पुल टूट गया, जिससे दुतरंग और कानगारंग गांवों के बीच आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। बाढ़ का पानी खेतों में घुसने से कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
उधर, लाहौल की मयाड़ घाटी के धोंदल नाला इलाके में करपट गांव से लौट रही HRTC बस के परिचालक ज्ञान सिंह (मंडी निवासी) की पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
भरमौर क्षेत्र में राहत अभियान के दौरान लियूडांधार में फंसे 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया। ये श्रद्धालु 30 जून से वहां फंसे हुए थे। बचाव दल ने रस्सियों की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
चंबा जिले में बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक लगातार बारिश होती रही, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। कुल्लू जिले में लगातार दूसरे दिन बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बंजार के चकुरठा गांव में भूस्खलन के कारण एक ढाई मंजिला मकान पर बड़ा पत्थर गिरने से भवन को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। शिमला में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि ऊना में सुबह बादल छाए रहे और दोपहर बाद उमस ने लोगों को परेशान किया। कांगड़ा में दिनभर मौसम सामान्य रहा और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार शाम तक प्रदेश में 49 सड़कें और 42 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित रहे।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को कांगड़ा और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिमला, कुल्लू, ऊना और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
अधिकतम तापमान (°C)
ऊना – 33.0
कांगड़ा – 32.0
नेरी – 30.9
बिलासपुर – 30.5
धर्मशाला – 29.0
नाहन – 29.0
मंडी – 28.8
सोलन – 28.6
चंबा – 27.4
शिमला – 23.0
मनाली – 21.7
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.