22 किलोमीटर दूर अस्पताल क्यों? वित्त मंत्रालय के अफसर की मौत पर बेटे के सवाल

दिल्ली कैंट के धौलाकुआं इलाके में रविवार को एक BMW कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के उप सचिव नवजोत सिंह की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हुई हैं। दोनों बाइक पर सवार थे।
नवजोत सिंह के बेटे नवनूर सिंह ने हादसे के बाद अस्पताल ले जाने में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनके पिता को किसी बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल या एम्स में ले जाने की बजाय 22 किलोमीटर दूर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आवश्यक सुविधाएं नहीं थीं। एंबुलेंस की बजाय उन्हें डिलीवरी वैन में ले जाया गया, और सही इलाज न मिलने के कारण नवजोत सिंह की मौत हो गई।
नवनूर ने बताया कि उनके माता-पिता बंगला साहिब गुरुद्वारे से लौट रहे थे और कर्नाटक भवन में खाना खाने के लिए रुके थे। हादसे के समय वे धौलाकुआं होते हुए हरि नगर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी मां को गंभीर स्थिति में भी अस्पताल की लॉबी में बैठाया गया, जबकि अन्य मामूली घायल व्यक्तियों को तुरंत भर्ती कर लिया गया। बाद में परिवार ने मां को वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, धौलाकुआं स्थित दिल्ली छावनी मेट्रो स्टेशन के पास BMW कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार एक महिला चला रही थी। टक्कर के बाद बाइक सवार बस से टकरा गए। पुलिस ने मौके पर CCTV फुटेज खंगाला और वाहनों को जब्त कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल महिला कार चालक और उनके पति गुरुग्राम के निवासी हैं। दोनों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में धारा 281/125B/105/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और फोरेंसिक टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।
केंद्रीय सचिवालय सेवा मंच के अध्यक्ष उदित आर्य ने नवजोत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और घटना की गहन जांच हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.