आइसक्रीम खाने से महिला समेत 9 बच्चे बीमार, मंदसौर में मचा हड़कंप

मंदसौर: गरोठ तहसील के ग्राम कोटड़ा खुर्द और कोटड़ा बुजुर्ग में दूषित आइसक्रीम खाने के बाद एक महिला और नौ बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। सभी प्रभावित लोगों को इलाज के लिए भवानीमंडी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आइसक्रीम खाने के कुछ समय बाद ही बच्चों और महिला को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी, साथ ही कुछ बच्चों के मुंह से झाग आने की भी बात सामने आई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां दो बच्चों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
कई बच्चों की हालत नाजुक
गरोठ बीएमओ डॉ. दरबार सिंह ने बताया कि कुल एक महिला और नौ बच्चे प्रभावित हुए हैं। इनमें से कोटड़ा बुजुर्ग के पांच बच्चों को भवानीमंडी के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कोटड़ा खुर्द की महिला और पांच बच्चों का इलाज नवजीवन अस्पताल में चल रहा है। इनमें सात वर्षीय शिवम और 10 वर्षीय इरशाद की हालत गंभीर बताई जा रही है और दोनों आईसीयू में हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम देर रात कोटड़ा बुजुर्ग पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बीएमओ ने अस्पताल में भर्ती और डिस्चार्ज हुए बच्चों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है। बताया जा रहा है कि संबंधित आइसक्रीम “राधिका मटका कुल्फी” ब्रांड की थी। वहीं, कुछ मामलों में मावे या सामग्री में मिलावट की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी जांच खाद्य विभाग द्वारा की जाएगी।
इधर, एक बच्चे शिवम को पहले से ही बुखार होने की बात भी सामने आई है, जिसके चलते उसका अतिरिक्त मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.