भारतीय रसोई में बेहद आम और सस्ती मानी जाने वाली भिंडी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वजह इसका स्वाद नहीं, बल्कि विदेशों में इसकी चौंकाने वाली कीमत है। भारत में जहां भिंडी 40 से 50 रुपये प्रति किलो के आसपास आसानी से मिल जाती है, वहीं अमेरिका के एक सुपरमार्केट में यही सब्जी करीब 7,250 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिकती नजर आई है।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आशीष आहूजा ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अमेरिका के एक स्टोर में बिक रही प्रोसेस्ड भिंडी को दिखाया। इस वीडियो के बाद विदेशी बाजारों में भारतीय सब्जियों के “रीब्रांडिंग” और उनकी कीमतों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में 85 ग्राम क्रिस्पी फ्राइड भिंडी का पैकेट लगभग 6.5 डॉलर (करीब 600 रुपये) में बिकता दिख रहा है।

आम सब्जी से बन गया प्रीमियम स्नैक
भारत में भिंडी रोजमर्रा की सब्जी के रूप में इस्तेमाल होती है, लेकिन अमेरिका में इसे एक अलग अंदाज में पेश किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई गई भिंडी कच्ची नहीं बल्कि मसालेदार और क्रिस्पी स्नैक के रूप में पैक की गई है। छोटे से पैकेट की कीमत भारतीय मुद्रा में कई गुना अधिक पड़ रही है, जो लोगों के लिए हैरानी का विषय बनी हुई है।

चिप्स से भी महंगी भिंडी
इसी सुपरमार्केट में अन्य लोकप्रिय स्नैक्स जैसे लेस (Lays) चिप्स की कीमत लगभग 2.50 डॉलर बताई गई है, जबकि भिंडी का यह स्नैक उससे कहीं ज्यादा महंगा है। इसी पर इन्फ्लुएंसर ने मजाकिया अंदाज में इसे “पर्सनैलिटी टैक्स” कहा और टिप्पणी की कि शायद भिंडी ने भी कभी नहीं सोचा होगा कि वह इस स्तर पर पहुंच जाएगी।

प्रीमियम हेल्थ स्नैक के तौर पर ब्रांडिंग
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की कीमत का मुख्य कारण उत्पाद की प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग है। अमेरिका में भिंडी को केवल सब्जी नहीं बल्कि हेल्दी स्नैक के तौर पर बाजार में उतारा जा रहा है। इसे बेक या फ्राइड कर विशेष मसालों के साथ पैक किया जाता है, जिससे इसकी शेल्फ लाइफ और डिमांड दोनों बढ़ जाती हैं।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए इसे प्रीमियम फूड कैटेगरी में रखा गया है। यही वजह है कि भारत में सामान्य मानी जाने वाली भिंडी विदेशों में लग्जरी स्नैक के रूप में बिक रही है।