मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र में शामली रोड स्थित हनुमान चौक के पास रविवार रात करीब 9 बजे सड़क पर ई-रिक्शा सवार यात्रियों और बाइक सवार युवकों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवकों ने तेज रफ्तार में ई-रिक्शा को ओवरटेक किया था। इसी दौरान ई-रिक्शा में बैठे यात्रियों ने उन्हें रोककर टोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई और दोनों गुट सड़क पर ही भिड़ गए। घटना के समय वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी राहगीर ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक मौके पर तनाव और हंगामे का माहौल बना रहा। बाद में मामला धीरे-धीरे शांत हुआ।

फिलहाल पुलिस को इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।