अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर मीडिया से तीखी बहस को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका एनबीसी न्यूज की पत्रकार क्रिस्टन वेल्कर के साथ इंटरव्यू के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ट्रंप ने बातचीत बीच में ही छोड़ दी। उन्होंने मीडिया संस्थानों पर पक्षपात और भ्रामक रिपोर्टिंग का आरोप लगाया।
रविवार को प्रसारित इस इंटरव्यू में ट्रंप ने कैलिफोर्निया में चल रहे चुनावों का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि नतीजों में देरी चुनावी गड़बड़ी का संकेत है। उनके अनुसार, मतदान के कई दिन बाद भी परिणाम घोषित न होना संदेह पैदा करता है।
2020 चुनाव पर फिर दोहराए आरोप
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने पुराने आरोप दोहराए और इसे “धांधली वाला चुनाव” बताया। जब पत्रकार ने उनसे इन दावों के सबूत मांगे, तो ट्रंप ने कहा कि स्थिति को देखकर ही सब समझा जा सकता है।
जब वेल्कर ने अदालतों और चुनाव अधिकारियों द्वारा इन आरोपों की पुष्टि न होने की बात कही, तो ट्रंप भड़क गए और मीडिया पर गंभीर आरोप लगाने लगे। उन्होंने एनबीसी समेत सीएनएन, एबीसी और सीबीएस जैसे बड़े नेटवर्क को भी पक्षपाती बताया।
“या तो भ्रष्ट या मूर्ख”— ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया
बातचीत के दौरान ट्रंप ने पत्रकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया या तो भ्रष्ट है या फिर जानबूझकर सच्चाई से आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की चुनाव प्रणाली कई मामलों में “तीसरी दुनिया के देशों” जैसी हो गई है।
बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि वह अब इंटरव्यू जारी नहीं रखना चाहते और बातचीत समाप्त करते हुए वहां से चले गए।
6 जनवरी कैपिटल हिंसा पर भी सवाल
इंटरव्यू के दौरान 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन (कैपिटल) पर हुए हमले का मुद्दा भी उठा। पत्रकार ने पूछा कि क्या दोष स्वीकार करने वाले लोगों को किसी प्रस्तावित योजना से राहत मिल सकती है। इस पर ट्रंप ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि कई लोगों ने दबाव में आकर दोष स्वीकार किया था।
सोशल मीडिया पर भी हमला जारी
इंटरव्यू के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कैलिफोर्निया के चुनावों पर फिर से सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कुछ रिपब्लिकन उम्मीदवारों के साथ अन्याय हो रहा है और चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर नजर रखने की जरूरत है।
मीडिया से लंबे समय से तनाव
गौरतलब है कि ट्रंप और अमेरिकी मीडिया संस्थानों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। वह लगातार कई बड़े न्यूज नेटवर्क पर पक्षपात और गलत सूचना फैलाने के आरोप लगाते रहे हैं। यह ताजा विवाद भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें मीडिया और ट्रंप के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आया है।