दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिष्ठित परिवार को इस सप्ताह गहरा धक्का लगा है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की दादी अल्लू कनकरत्नम का 94 वर्ष की आयु में शुक्रवार तड़के 1:45 बजे निधन हो गया। उनके निधन से पूरे परिवार और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर अरविंद निवास लाया जाएगा और अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर को कोकापेट में किया जाएगा। निधन की खबर सुनकर अल्लू अर्जुन, जो उस समय मुंबई में निर्देशक एटली के साथ एक प्रोजेक्ट पर व्यस्त थे, तुरंत हैदराबाद लौट आए। वहीं, अभिनेता राम चरण ने भी मैसूर में चल रही अपनी फिल्म पेड्डी की शूटिंग बीच में छोड़कर अंतिम संस्कार में शामिल होने का निर्णय लिया।
परिवार के समर्थन में कई हस्तियां भी पहुंचीं। फिल्म मेकर नागा वामसी और निर्देशक त्रिविक्रम ने श्रद्धांजलि दी, जबकि पवन कल्याण की पत्नी अन्ना लेज़्नेवा पहले ही परिवार से मिलने पहुंच चुकी थीं। पवन कल्याण के आने की भी संभावना जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर भी सितारों और प्रशंसकों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मेगास्टार चिरंजीवी ने एक्स पर लिखा, “हमारी सासू मां अल्लू कनकरत्नम का जाना बेहद दुखद है। परिवार को दिया उनका स्नेह हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”
गौरतलब है कि अल्लू कनकरत्नम इस साल की शुरुआत में हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती हुई थीं। उन्हें आखिरी बार सार्वजनिक रूप से 2022 में उनके पति, दिवंगत अभिनेता अल्लू रामलिंगैया के जन्मशताब्दी समारोह में देखा गया था।