कन्नड़ अभिनेता दर्शन और अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर रेणुकास्वामी मर्डर केस में आरोप हैं। 14 अगस्त की सुबह सुप्रीम कोर्ट ने दर्शन, पवित्रा गौड़ा और अन्य पांच आरोपियों की जमानत रद्द कर दी थी। इसके कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए पुलिस को निर्देश दिया था कि जल्द ही मुख्य आरोपी दर्शन को गिरफ्तार किया जाए। आदेश के बाद बेंगलुरु पुलिस ने उन्हें होसकेरेहल्लि स्थित प्रेस्टिज साउथ रिज अपार्टमेंट से अरेस्ट किया। दर्शन 15वें फ्लोर के फ्लैट नंबर 4154 में मौजूद थे। वे अपार्टमेंट में इनोवा कार से आए थे और पीछे के गेट से अंदर गए थे। कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर नागेश और गोविंदराज नगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुब्रह्मण्य के नेतृत्व में गिरफ्तारी की गई। पवित्रा गौड़ा को उनके घर से गिरफ्तार किया गया, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
मामले का विवरण
यह मामला ऑटोरिक्शा चालक रेणुकास्वामी की हत्या से जुड़ा है। दर्शन इस केस के मुख्य आरोपी हैं। आरोप है कि जून 2024 में उन्होंने पीड़ित को बेंगलुरु के एक शेड में तीन दिनों तक रखा और प्रताड़ित किया। बाद में पीड़ित का शव एक नाले से बरामद हुआ था।
13 दिसंबर 2024 को कर्नाटक हाई कोर्ट ने मामले में दर्शन और अन्य आरोपियों को जमानत दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसले का विरोध किया और अब जमानत रद्द कर दी है।