नई दिल्ली: अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत के मौसम ने अपने रंग बदल दिए हैं। देश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई है, वहीं कुछ क्षेत्रों में लगातार बढ़ता तापमान लोगों को गर्मी से परेशान कर रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिनका असर विशेष रूप से 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इस दौरान 12 राज्यों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं, विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों का मौसम कैसा रहेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव
आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। अगले सात दिनों में अधिकतर क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने की संभावना है।
- 6 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
- 7 और 8 अप्रैल को तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आएगी।
- 9 से 11 अप्रैल तक फिर से 2-4 डिग्री की वृद्धि देखी जा सकती है।
राज्यवार मौसम की स्थिति
- कश्मीर घाटी: 7 अप्रैल को छिटपुट बारिश की संभावना।
- मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत: 9 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश हो सकती है।
- पश्चिमी मध्य प्रदेश: 8 अप्रैल को भारी बारिश की आशंका।
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 7-9 अप्रैल के बीच भारी वर्षा की संभावना।
- बिहार और झारखंड: 6-8 अप्रैल के दौरान छिटपुट बारिश और ओलावृष्टि।
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड: 6 अप्रैल को हल्की बर्फबारी के साथ बारिश और तेज हवाएं।
- पंजाब और राजस्थान: 6 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, गरज और बिजली के साथ।
- पश्चिमी राजस्थान: 7 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश।
- जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड: 7-8 अप्रैल को बारिश, कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश।
- उत्तर प्रदेश: 6-8 अप्रैल के बीच कई हिस्सों में भारी बारिश।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा, जबकि 7 और 8 अप्रैल को बादल घिर सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले चार दिन का अनुमान
उत्तर भारत में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, बिहार, झारखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में भी कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।