दिवंगत उद्योगपति और सोना ग्रुप के मालिक संजय कपूर के निधन के बाद उनकी विशाल संपत्ति और फैमिली ट्रस्ट को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। वर्षों से अदालत में चल रही इस कानूनी लड़ाई को खत्म करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अब मध्यस्थता का रास्ता अपनाने का फैसला किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस संवेदनशील मामले में देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया है। अदालत ने कहा है कि लंबे समय तक चलने वाली मुकदमेबाजी की बजाय परिवार के सभी पक्ष बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करें, ताकि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी अब मीडिया या सोशल मीडिया पर साझा नहीं की जाएगी। अदालत ने माना कि यदि यह विवाद इसी तरह चलता रहा तो इसे सुलझने में लंबा समय लग सकता है। अगली सुनवाई अब अगस्त में निर्धारित की गई है।

यह पूरा विवाद संजय कपूर की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति, फैमिली ट्रस्ट और उत्तराधिकार को लेकर शुरू हुआ था। उनकी मां रानी कपूर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि फैमिली ट्रस्ट उनकी जानकारी और सहमति के बिना बनाया गया और इसके जरिए पारिवारिक संपत्तियों पर नियंत्रण करने की कोशिश की गई।

रानी कपूर ने यह भी मांग की है कि जब तक मामले का अंतिम निर्णय नहीं होता, तब तक संपत्तियों की बिक्री या हस्तांतरण पर रोक लगाई जाए। इससे पहले अदालत ने संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर को नोटिस जारी किया था और दोनों पक्षों को मध्यस्थता के जरिए समाधान तलाशने की सलाह दी थी।

इस विवाद में सिर्फ रानी कपूर और प्रिया कपूर ही नहीं, बल्कि करिश्मा कपूर और उनके बच्चों समायरा कपूर व कियान कपूर के नाम भी जुड़े हैं। करिश्मा कपूर की ओर से उनके बच्चों के अधिकारों को लेकर अलग याचिका दायर की गई है।

रानी कपूर का दावा है कि उनके दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर की पूरी संपत्ति की वह एकमात्र कानूनी उत्तराधिकारी हैं और 2017 के बाद कथित रूप से कई विवादित लेन-देन के जरिए संपत्तियों को ट्रस्ट में शामिल किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीमारी के दौरान उनसे कई दस्तावेजों पर बिना पूरी जानकारी दिए हस्ताक्षर कराए गए। दूसरी ओर, प्रिया कपूर ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्होंने कुछ पर मानहानि का मामला भी दर्ज कराया है।