कोच्चि। बीते साल प्रयागराज कुंभ मेले में सुर्खियों में आई माला विक्रेता युवती मोनालिसा ने मंगलवार को अपने एक परिचित फिल्म निर्देशक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि निर्देशक फिल्मों के नाम पर नाबालिग लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है।
मोनालिसा ने कोच्चि में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों से सुरक्षा और मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। साथ ही, युवती ने कहा कि उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं और उन्हें सार्वजनिक रूप से धमकाया जा रहा है।
वायरल गर्ल ने कहा कि निर्देशक उनके बारे में अपशब्द कह रहे हैं और उन्हें अपनी फिल्मों में शामिल नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया, “उनकी फिल्मों का हिस्सा कौन बनना चाहेगा? वे बेहद घिनौने और बुरे इंसान हैं। फिल्मों के नाम पर नाबालिग लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। उनका नाम लेना भी शर्म की बात है।”
मोनालिसा ने अपनी शादी को लेकर भी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर में हुई, लेकिन निर्देशक इसे ‘लव जिहाद’ बताकर गलत प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी तरह उन्हें और उनके पति फरमान को अलग करने की कोशिश की गई, तो वे आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएंगे।
मोनालिसा के पति फरमान खान ने कहा, “सिर्फ इसलिए कि मेरा नाम फरमान खान है और मैं मुस्लिम परिवार से हूँ, हम पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। हम प्यार के अपराधी नहीं हैं। हमारी शादी मंदिर में हुई और हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।”
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मोनालिसा भावुक हो गईं और रोते हुए केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश व केरल की राज्य सरकारों से सुरक्षा की मांग दोहराई। बीते दिनों मोनालिसा और फरमान ने केरल में शादी की थी, जबकि उनके माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे।