आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी निराशा आई है। इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने इस साल के आईपीएल में खेलने से अपना नाम वापस ले लिया है। डकेट को दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल हुई मिनी नीलामी में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब उन्होंने घर पर समय बिताने और लाल गेंद के क्रिकेट पर फोकस करने का फैसला किया है।

आईपीएल के नियमों के मुताबिक, ऐसे मामलों में खिलाड़ी पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसका मतलब यह है कि डकेट 2027 और 2028 के आईपीएल सीजन में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

डकेट ने मांगी माफी

बेन डकेट ने फ्रेंचाइजी से माफी मांगी और कहा, "यह मेरे लिए बहुत कठिन निर्णय था। मैं दिल्ली की टीम और सभी समर्थकों से माफी मांगता हूं कि मैं इस बार नहीं खेल पाऊंगा। नीलामी में चुने जाने के समय मुझे लगा था कि यह शानदार अवसर होगा। दिल्ली जैसी फ्रेंचाइजी द्वारा मुझे चुनना मेरे लिए बहुत ही खास अनुभव था। आईपीएल दुनिया की बेहतरीन प्रतियोगिता है, जिसमें खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए अद्भुत अनुभव है।"

क्या होगी डकेट पर कार्रवाई?

आईपीएल 2025 में नियमों में बदलाव किया गया था। इसके अनुसार, अगर कोई विदेशी खिलाड़ी नीलामी में चुने जाने के बाद बिना वैध कारण के लीग से नाम वापस लेता है, तो उस पर दो साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। केवल चोट या मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थितियों में ही खिलाड़ी को घर जाने की अनुमति दी जाती है।

डकेट का प्रदर्शन और भविष्य

बेन डकेट का हालिया प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए सकारात्मक नहीं रहा। उन्होंने एशेज टेस्ट सीरीज में 10 पारियों में सिर्फ 202 रन बनाए और कोई अर्धशतक नहीं लगाया। उन्हें टी20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड टीम में भी नहीं चुना गया।

डकेट ने कहा, "आईपीएल में लौटना मेरी उम्र (31 साल) को देखते हुए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन मेरी उम्मीद है कि एक दिन मैं फिर से दिल्ली का प्रतिनिधित्व कर पाऊंगा। मैंने इस फैसले पर काफी सोचा और मुझे लगता है कि यह मेरे करियर के लिए सही कदम है।"