बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच अवामी लीग और इसकी सहयोगी पार्टियों से जुड़े कम से कम 29 नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के शव बरामद किए गए। इसमें अवामी लीग के 20 नेता भी शामिल हैं। सोमवार को शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और देश छोड़ने की खबर के बाद सतखिरा में हुए हमलों और हिंसा में कम से कम 10 लोग मारे गए।
अवामी लीग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई। पुलिस ने सतखिरा सदर और श्यामनगर पुलिस स्टेशन में भी आगजनी और लूटपाट की सूचना दी।
पूर्व पार्षद मोहम्मद शाह आलम के घर में 6 लोगों की मौत
कोमिला में भीड़ के हमलों में कम से कम 11 लोग मारे गए। अशोकतला में पूर्व पार्षद मोहम्मद शाह आलम के तीन मंजिला घर में उपद्रवियों द्वारा आग लगा दिये जाने से छह लोगों की मौत हो गयी। इसके बाद सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह उनके शव घर से बरामद किये गये। बता दें कि इनमें पांच जवान भी शामिल थे।
मृतकों में 12 वर्षीय शॉन, 14 वर्षीय आशिक, 14 वर्षीय शकील, 16 वर्षीय रोनी और 17 वर्षीय मोहिन और 22 वर्षीय महफुजुर रहमान शामिल हैं।
अवामी लीग की नेता शेख हसीना की विदाई के बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन किया जा चुका है। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया है। उधर, पेरिस ओलंपिक में आज मीराबाई चानून दूसरे पदक के लिए मैदान में उतरेंगी। विनेश फोगाट से भी स्वर्ण पदक जीतने की आस रहेगी। उधर, तीस देशों की सेनाओं का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास तरंग शक्ति आज से शुरू हो गया है। वहीं, केदारनाथ के लिए आज से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।
मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख नियुक्त; राष्ट्रपति-आंदोलनकारियों की बैठक में फैसला
बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच मंगलवार की रात अंतरिम सरकार के प्रमुख की नियुक्ति की गई। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाया गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने यूनुस की नियुक्ति का एलान किया। प्रेस सचिव ने एक बयान में बताया कि राष्ट्रपति और भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के समन्वयकों के बीच हुई बैठक के दौरान अंतरिम सरकार की नियुक्ति का फैसला लिया गया। बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद थे।
सरकारी नौकरियों में कुछ खास लोगों के एक वर्ग के लिए आरक्षण प्रणाली के खिलाफ जुलाई के मध्य से छात्रों के विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। जिसके बाद इन प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें कई लोगों की जान चली गई। ताजा आंकड़ों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़कर 440 तक हो चुकी है। वहीं, अवामी लीग की नेता शेख हसीना ने सोमवार को पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़कर चली गईं। जिसके बाद देश में अंतरिम सरकार का गठन किया गया। ढाका में हिंदू समुदाय के दो नेताओं ने बताया कि हिंदुओं के कई मंदिरों, घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। महिलाओं पर हमला किया गया। हसीना के देश से भागने के बाद हुई हिंसा में अवामी लीग पार्टी से जुड़े दो हिंदू नेताओं की मौत हुई।

मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने नई दिल्ली में कहा कि बांग्लादेश का एक सैन्य विमान हसीना को लेकर सोमवार को दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस पर उतरा। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक उनके भारत से बाहर जाने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें कड़ी सुरक्षा के भी एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि सेना और पुलिस के जवान सड़कों पर गश्त कर रहे हैं। ढाका में स्थिति मंगलवार को काफी हद तक शांत थी। बसें और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाले वाहन सड़कों पर थे और व्यापारियों ने दुकानों को खोला। सरकारी वाहन दफ्तरों की ओर जा रहे थे। बैटरी से चलने वाले कई रिक्शा सड़कों पर चलते दिखाई दिए।