लाहौर। पाकिस्तान के लाहौर शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे निजी स्कूल की छत गिरने से 14 बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 7 से 13 वर्ष की उम्र के बच्चे घनी आबादी वाले कहाना नौ इलाके में स्थित एक अकादमी में कक्षाओं के दौरान मौजूद थे। इसी दौरान अचानक इमारत की छत भरभराकर गिर गई और कई बच्चे मलबे में दब गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस के मुताबिक, घायलों में 20 बच्चों के साथ एक महिला शिक्षिका भी शामिल है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह दुर्घटना हुई।