गुरुग्राम के खेड़की दौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-85 में पार्किंग विवाद को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक निजी पार्किंग स्थल में खड़ी 20 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़े जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-85 में एक सोसाइटी के पास खाली मैदान में निजी स्तर पर पार्किंग संचालित की जा रही है। इसी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी थी।
सुबह सामने आया नुकसान
सोमवार सुबह जब वाहन मालिक अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि 20 से अधिक कारों के आगे के शीशे टूटे हुए थे। सभी वाहनों को खास तौर पर निशाना बनाते हुए केवल फ्रंट ग्लास को ईंटों और भारी पत्थरों से क्षतिग्रस्त किया गया था, जबकि बाकी हिस्सों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वाहनों पर कवर भी लगे हुए थे, जिन्हें हटाकर शीशे तोड़े गए, जिससे यह घटना सुनियोजित लगती है।
पार्किंग विवाद से जुड़ा मामला
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पार्किंग संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके चलते यह घटना हुई है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने से लोग इसे दबंगई का मामला बता रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, शिकायत का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा है, हालांकि मंगलवार शाम तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है और तथ्यों को जुटाया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।