अमेरिका के राष्ट्रपति का पद अपने आप में बड़ी हैसियत रखता है। खासकर विदेश से आने वाले नेताओं के लिए जिस नेता से मुलाकात करना सबसे अहम होता है, वह अमेरिकी राष्ट्रपति ही है। यानी राष्ट्रपति के पद पर बैठने वाले व्यक्ति के सम्मान को ही दुनियाभर में उसकी लोकप्रियता की वजह माना जाता है। हालांकि, क्या हो अगर कोई पूर्व राष्ट्रपति पहले से ही मौजूदा राष्ट्रपति से ज्यादा सम्मान और लोकप्रियता रखता हो। इसका एक उदाहरण हाल ही में व्हाइट हाउस में देखने को मिला, जहां विशेष न्योते पर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा लगातार लोगों से घिरे रहे, जबकि मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन अकेले खड़े नजर आए।
सोशल मीडिया पर व्हाइट हाउस में मंगलवार को हुए एक इवेंट का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बराक ओबामा को यहां डिनर पर बुलाया था। हालांकि, जैसे ही ओबामा थोड़ी देर के लिए खाली खड़े हुए, व्हाइट हाउस का पूरा स्टाफ उन्हें घेर कर खड़ा हो गया। इसी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइडन अकेले पड़ने के बाद अपना हाथ फैलाकर खड़े हो जाते हैं।
ओबामा ने बाइडन को उपराष्ट्रपति कह कर संबोधित भी किया
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जब व्हाइट हाउस में कार्यक्रम को संबोधित किया तो उन्होंने भाषण की शुरुआत ही हंसते हुए 'वाइस प्रेसिडेंट बाइडन' (उपराष्ट्रपति बाइडन) से की। ओबामा ने कहा, "मेरे पद छोड़ने के बाद पिछले पांच साल में कुछ बदलाव किए गए हैं। खासकर सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को एविएटर चश्मे पहनाए जाने लगे और व्हाइट हाउस में बिल्ली घूमने लगी। इसके लिए शुक्रिया उपराष्ट्रपति बाइडन, शुक्रिया।"
संबोधन खत्म होते ही स्टाफ से घिरे ओबामा
इसके बाद ओबामा ने जैसे ही भाषण खत्म किया, व्हाइट हाउस का पूरा स्टाफ हाथ मिलाने और बातचीत करने के लिए उन्हें घेर कर खड़ा हो गया। वहीं राष्ट्रपति जो बाइडन चकित होकर घूमते दिखे।