नई दिल्ली: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र के लापता होने की खबर से परिवार और समुदाय में चिंता बढ़ गई है। कर्नाटक के निवासी साकेत श्रीनिवासैया, जो कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर के छात्र हैं, 12 फरवरी की सुबह से बर्कले इलाके से गायब बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, साकेत का बैग पार्क हिल्स क्षेत्र में मिला है, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद थे। उन्हें आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक के आसपास देखा गया था।
परिवार ने सरकार से लगाई गुहार
साकेत के पिता ने बताया कि बेटे से उनकी आखिरी बातचीत 9 फरवरी को हुई थी। बाद में रूममेट्स से पता चला कि वह 12 फरवरी की सुबह से दिखाई नहीं दे रहे हैं। परिवार ने कर्नाटक सरकार को ज्ञापन देकर मदद की अपील की है।
केंद्र और दूतावास सक्रिय
कर्नाटक सरकार ने इस मामले में विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप करने और परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही स्थानीय अमेरिकी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने की बात कही गई है।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी घटना पर चिंता जताई है। दूतावास के अनुसार, छात्र की तलाश के लिए परिवार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक छात्र के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।