पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अपना नियंत्रण और सख्त कर दिया है। इस जलमार्ग से गुजरने वाले चुनिंदा जहाजों से अब 20 लाख डॉलर (लगभग 1.87 करोड़ रुपये) पारगमन शुल्क लिया जाएगा।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि जलडमरूमध्य को 48 घंटे में पूरी तरह नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के बिजली ढांचे को निशाना बनाएगा।

सभी के लिए खुला, विरोधियों के लिए नहीं

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुला रहेगा, सिवाय ईरान के विरोधियों के

ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाएद्दीन बोरौजेर्दी ने कहा कि यह भारी शुल्क पहले ही लागू किया जा चुका है और यह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान के नए दृष्टिकोण को दर्शाता है।

ईरान की ताकत और वित्तीय उद्देश्य

अलाएद्दीन बोरौजेर्दी ने कहा कि यह कदम दशकों बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान की नई संप्रभुता का प्रतीक है। पारगमन शुल्क से ईरान अपनी युद्ध संबंधी गतिविधियों के लिए फंडिंग जुटाएगा। उन्होंने बताया कि "युद्ध में खर्चे बढ़ रहे हैं, इसलिए हमें यह शुल्क लेना पड़ रहा है।"

अमेरिका को चेतावनी

ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका उनके बिजली संयंत्रों पर हमला करता है, तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तत्काल बंद कर दिया जाएगा। यह जलमार्ग तेल और अन्य निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।