ब्रासीलिया। सोशल मीडिया पर वायरल एडवेंचर वीडियो के चलते खतरनाक स्टंट का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन कई बार यही रोमांच जानलेवा साबित हो जाता है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला ब्राजील से सामने आया है, जहां बंजी जंपिंग के दौरान हुई गंभीर लापरवाही ने 24 वर्षीय युवती की जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक, एक एडवेंचर एक्टिविटी के दौरान युवती बिना सेफ्टी बंजी कॉर्ड के ही करीब 35 मीटर की ऊंचाई से नीचे कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। घटना के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहे कंपनी के कुछ कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
क्या है पूरा मामला?
यह हादसा साओ पाउलो राज्य के लिमेइरा और कोर्डेइरोपोलिस शहरों को जोड़ने वाले ‘पोंटे डो एस्केलेटो’ पुल पर हुआ। यह स्थान हाल के समय में एडवेंचर प्रेमियों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यहां किसी भी तरह की औपचारिक सुरक्षा निगरानी या नियमों के सख्त पालन की व्यवस्था नहीं बताई जाती।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास ने इस बंजी जंपिंग एक्टिविटी और वीडियो शूट के लिए ‘एंट्रे कोर्डास’ नामक निजी कंपनी को लगभग 290 डॉलर (करीब 24,500 रुपये) का भुगतान किया था।
सुरक्षा में बड़ी चूक
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना से पहले तीन लोग सुरक्षित रूप से बंजी जंप कर चुके थे। लेकिन जब युवती की बारी आई, तो सुरक्षा जांच में गंभीर लापरवाही बरती गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने यह सुनिश्चित नहीं किया कि युवती की बॉडी से बंजी कॉर्ड सही तरीके से जुड़ी है या नहीं।
जैसे ही युवती ने छलांग लगाई, कुछ ही क्षणों में यह साफ हो गया कि उसके शरीर से कोई सुरक्षा रस्सी जुड़ी ही नहीं थी। वह सीधे करीब 115 फीट नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कर्मचारियों पर कार्रवाई
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे वहां से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कई लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया। अब तक इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।