लोनी। ट्रोनिका सिटी क्षेत्र स्थित अंसल कॉलोनी के पास यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की ग्रीन बेल्ट पर अवैध रूप से बनी मजार को शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और करीब 400 से 450 पुलिसकर्मी, पीएसी तथा आरएएफ के जवान मौके पर तैनात रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मजार को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद इसे नहीं हटाया गया। एसडीएम ने बताया कि निर्देशों की अनदेखी के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) एनके जैन ने जानकारी दी कि ट्रोनिका सिटी सेक्टर-सी1 की ग्रीन बेल्ट में यह निर्माण करीब 10 साल पहले अवैध रूप से किया गया था। राजस्व अभिलेखों की जांच में यह भूमि सरकारी संपत्ति पाई गई, जिसके बाद जनवरी में नोटिस चस्पा किया गया था।
उन्होंने बताया कि नोटिस का जवाब न मिलने पर शनिवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की और पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।
लोनी के उपजिलाधिकारी दीपक सिंहनवाल ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध निर्माणों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी और पूरी प्रक्रिया निगरानी में संपन्न कराई गई।