गिनी के ग्रामीण इलाके में बुधवार रात भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने की खबर है। इस घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि यह भूस्खलन राजधानी कोनाक्री से करीब 50 किलोमीटर दूर कोयाह प्रांत के मानेह गांव में हुआ।
खोज और बचाव अभियान जारी
स्थानीय निवासी कोने पेपे ने बताया कि रात लगभग 7 बजे पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और तलहटी में स्थित घरों को दबा दिया। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण घटना में कोई जीवित नहीं बचा। गुरुवार देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।
भारी बारिश के बाद हुआ हादसा
शहरी नियोजन एवं आवास मंत्री मोरी कोंडे ने घटनास्थल का दौरा करते हुए कहा कि पहाड़ का ढहना भारी बारिश का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने बताया कि यह हिस्सा सीधे इमारतों पर गिरा। पिछले वर्ष भी पश्चिम अफ्रीका में रिकॉर्ड तोड़ बाढ़ आई थी, जिसमें 1,000 से अधिक लोगों की जान गई और लाखों लोग विस्थापित हुए थे।