कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। भारी बारिश और बर्फबारी के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले की कुल 13 प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं।

बिजली और भूस्खलन की समस्याएं

ग्रामीण इलाकों में 216 ट्रांसफॉर्मर ठप होने से अंधेरा छा गया है। भारी वर्षा के कारण कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग जछनी के पास मलबा आने से सड़क अवरुद्ध हो गई है। दलदल में फंसे वाहनों के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर स्थिति कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार और मठ क्षेत्र में बनी हुई है, जहां एक बार फिर भूस्खलन शुरू हो गया है। प्रशासन ने एहतियातन 15 घर खाली करवा दिए हैं, लेकिन लगातार गिरते मलबे के कारण खतरा अभी भी बरकरार है।

पुराने हादसे का डर

सितंबर 2025 में हुए भूस्खलन में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। अब दोबारा भूस्खलन ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल बढ़ा दिया है।

मार्ग अवरुद्ध और पैदल आवाजाही

मणिकर्ण-बरशैनी मार्ग घटीगढ़ के पास फिर से बंद हो गया है। यह मार्ग पिछले एक साल से बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोग और पर्यटक परेशान हैं। एनएचसी चरण-तीन डैम साइट के पास सड़क बंद होने के कारण स्कूली बच्चों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है

क्षेत्रवार स्थिति

  • बंजार और मनाली: दो-दो सड़कें बंद

  • कुल्लू: पांच सड़कें बंद

  • निरमंड: चार सड़कें बंद

प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है। उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने नागरिकों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।