स्टॉकहोम। इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को दिया गया है। शुक्रवार, 10 अक्टूबर को घोषित इस सम्मान के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदें पूरी नहीं हो पाईं।
मचाडो, जिन्हें ‘आयरन लेडी’ के नाम से भी जाना जाता है, फिलहाल गुप्त रूप से अपने देश में रह रही हैं। उन्हें लोकतंत्र और शांति के लिए उनकी साहसिक प्रतिबद्धता के लिए नोबेल समिति द्वारा सम्मानित किया गया। समिति की अध्यक्ष ने मचाडो को ऐसे नेता के रूप में सराहा जो "बढ़ते अंधकार के बीच लोकतंत्र की लौ जलाए रखती हैं।"
मारिया कोरिना मचाडो को यह सम्मान मिलने से पहले उनका नाम टाइम पत्रिका की ‘2025 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों’ की सूची में शामिल किया गया था। मचाडो की राजनीतिक सक्रियता और साहसिक नेतृत्व ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाई है।