खरगोन। खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में सोमवार रात एक व्यापारी के घर पर फायरिंग और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग का मामला सामने आया है। घटना व्यापारी दिलीप राठौर के घर हुई, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

घटना का विवरण

घटना के समय राठौर का परिवार इंदौर में मौजूद था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। व्यापारी के बेटे सत्येंद्र राठौर की शिकायत पर बुधवार को केस दर्ज किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद अज्ञात लोगों ने व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकियां दीं। आरोपियों ने फायरिंग का वीडियो भेजकर 10 करोड़ रुपये की मांग की और घर उड़ाने की धमकी दी।

परिवार को मंगलवार को कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद बुधवार को विदेशी नंबरों से कई कॉल आए, जिन्हें परिवार ने अनदेखा किया। वीडियो मिलने पर परिवार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर घर पर फायरिंग करते नजर आए।

सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

इसी बीच सोशल मीडिया पर “हैरी बॉक्सर” और “अरजू बिश्नोई” नाम से एक पोस्ट में घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और व्यापारी परिवार को आगे भी धमकियां दी गईं। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने हाल ही में अशोक नगर जिले में सामने आए इसी तरह के मामलों से कनेक्शन भी खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल व्यापारी दिलीप राठौर शहर से बाहर हैं, जबकि उनका परिवार डरा हुआ है।